भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आए अमर सिंह भी भाषा की मर्यादा लांघते नजर आ रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार की रात एक जनसभा में आजम खां की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
शनिवार को अमर सिंह ने शाहबाद के ढकिया में जनसभा को संबोधित किया। यहां भी उन्होंने आजम खां पर जमकर हमला बोला। कहा कि हम राणा सांगा और महाराणा प्रताप के वंशज हैं, जिन्होंने घास की रोटी खाकर मुगलों से लोहा लिया था। भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा ने गठबंधन प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरा उनके द्वारा बार-बार अपमान किया जा रहा है, इसका बदला मतदान के दिन जनता अवश्य लेगी। उन्होंने दो बार सांसद रहते हुए अपने द्वारा कराए गए विकास कार्यों की भी लोगों को जानकारी दी।
आजम की पत्नी की तारीफ में कसीदे
राज्य सभा सदस्य अमर सिंह ने शनिवार दोपहर ढकिया गांव में भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा को विजयी बनाने के लिए आयोजित विजय संकल्प सभा में जहां गठबंधन प्रत्याशी आजम खां पर जमकर हमला बोला, वहीं उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य तजीन फात्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत ही भली औरत हैं। उन्होंने सदन में भी किसी के खिलाफ गलत टिप्पणी नहीं की है।