कुंदरकी (मुरादाबाद)। भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने सीएचसी में भ्रष्टाचार और डॉक्टरों पर मरीजों से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सीएचसी परिसर में धरना प्रदर्शन किया। एसडीएम बिलारी ने किसानों से फोन पर बात कर समस्या का आश्वासन दिया। बाद में चिकित्साधिक्षक के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया।
भाकियू पदाधिकारियों का आरोप है कि सीएचसी में मूलभूत सुविधाओं में अनियमितताएं, भ्रष्टाचार चरम पर है। सीएचसी में तैनात दो डॉक्टर बुजुर्ग, महिलाओं और किसानों से दुर्व्यवहार करते हैं। साथ ही डॉक्टरों पर बाहर से दवा लिखने, मरीजों की जांचें नहीं कराने और एमरजेंसी ड्यूटी से अक्सर गायब रहने का भी आरोप लगाया। करीब दो घंटे बाद एसडीएम बिलारी से किसानों से दूरभाष पर बात की और किसानों की समस्या के जल्द समाधान की बात कहीं।
किसानों के आक्रोश बढ़ता देख चिकित्साधीक्षक डॉ. सौरभ बरतरिया और थाना प्रभारी जसपाल सिंह धरनास्थल पर आए और किसानों से वार्ता की। चिकित्साधीक्षक ने दो डाक्टरों की रिपोर्ट सीएमओ को प्रेषित करने और समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया। धरना-प्रदर्शन में भाकियू टिकैत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी भयराज सिंह, किसान नेता शुभम राठी, युवा जिलाध्यक्ष ऋषभ सांगवान, मंडल सचिव आशू बालियान, नगराध्यक्ष कुंदरकी साजिद खान बबलू, रागिब चौधरी, तसलीम बाबा, फहीम पाशा, टीनू प्रधान, मोहम्मद सैफ, नसीम, जुबैर पाशा, प्रशांत चौधरी आदि किसान रहे।