मुरादाबाद। मैनाठेर में तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह पर जानलेवा हमला करने, आगजनी और डकैती के 16 गुनहगार मुरादाबाद जिला जेल से बरेली सेंट्रल जेल भेज दिए गए हैं। इन सभी दोषियों को 28 मार्च को एडीजे- दो कृष्ण कुमार सिंह की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
छह जुलाई 2011 को मैनाठेर के असालतनगर बघा गांव में पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी थी। आरोपी के परिवार ने पुलिस पर धार्मिक पुस्तक का अपमान करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया था। इसके बाद मुरादाबाद-संभल रोड पर तीन जगह लोगों ने जाम लगाकर बवाल किया था। मैनाठेर थाने और डींगरपुर पुलिस चौकी में आग लगा दी थी। डींगरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह, डीएम राजशेखर को भीड़ ने घेर लिया था। डीआईजी भीड़ में फंसे तो डीएम वहां से निकल गए थे। इस मामले में पीआरओ रवि कुमार ने 33 आरोपी नामजद और तीन सौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 25 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। इसमें छह आरोपी नाबालिग होने के कारण उनकी फाइल दूसरी कोर्ट में भेज दी गई थी। डीआईजी पर हमले के मामले में सुनवाई एडीजे-दो कृष्ण कुमार की अदालत में चली थी। 23 मार्च को अदालत ने 16 आरोपियों को दोषी करार दिया था। 28 अप्रैल को अदालत ने सभी 16 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और सभी पर 55-55 हजार का जुर्माना लगाया था। अदालत के आदेश पर सभी दोषी जिला जेल भेज दिए गए थे। प्रशासन ने इस मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी थी। प्रशासनिक आधार पर सभी को बरेली सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मैनाठेर बवाल के मामले में आजीवन कारावास की सजा पाए सभी 16 दोषी सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिए गए हैं।
सेंट्रल जेल बरेली भेजे गए यह कैदी
- मंजूर अहमद निवासी डींगरपुर थाना
- मो. अली, हाशिम निवासी ललवारा थाना मैनाठेर
- मो. फिरोज निवासी ताहरपुर थाना मैनाठेर -
मो. कमरुल, मो. नाजिम असदपुर थाना मैनाठेर
- मो. मुजीफ निवासी मसेबी रसूलपुर थाना मैनाठेर
- मो. यूनुस, मो. यूनुस निवासी लालपुर थाना मैनाठेर
- अंबरीश निवासी शाहपुर चामरान थाना मैनाठेर
- कासिम निवासी परियावली थाना असमोली जिला संभल,
- मो. मोबीन उर्फ मोहम्मद मोहसिन निवासी बरखेड़ा थाना डिडौली जिला अमरोहा
- परवेज आलम निवास मिलक फतेहपुर थाना मैनाठेर
- मो. मुजीब, तहजीब आलम निवासी असदपुर थाना मैनाठेर
- जाने आलम निवासी मिलक नवाब मैनाठेर,