सोनकपुर स्टेडियम में तूफान की तरह दौड़ने वाली एथलीट सुगंधा ने देहरादून में आयोजित आल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नया कीर्तिमान रच डाला। बीएसएफ की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली एथलीट सुगंधा ने तीन किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
सुगंधा की जीत पर उसके घर मुरादाबाद में भी खुशियां मनाई गईं।मझोला थानाक्षेत्र के बुद्घि विहार सेक्टर ए निवासी विजय सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उनकी बेटी सुगंधा एथलीट हैं। सुगंधा ने मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम में प्रैक्टिस की थी। यहां उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
जिसमें उन्होंने स्वर्ण, कांस्य पदक हासिल किए थे। इसके बाद उनका चयन बीएसएफ में स्पोर्ट्स कोटे में हो गया था। इन दिनों सुगंधा की तैनाती गुजरात के गांधी नगर में है। 26 दिसंबर से देहरादून में 66 वीं आल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप शुरू हुई थी। जिसमें 32 पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
बीएसएफ की ओर से एथलीट सुगंधा ने 3000 मीटर दौड़ में भाग लिया। सुगंधा ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ग पदक जीता। सुगंधा की जीत पर उसके परिवार और सोनकपुर स्टेडियम में भी खुशियां मनाई गईं।