यूएस के पेंसिलवेनिया निवासी और मूल रूप से मुरादाबाद की कक्षा सात की अलैना आहूजा ने अपने तकनीकी ज्ञान की बदौलत सात समंदर पार नाम रोशन किया है। अलैना ने अमेजन अलेक्सा में वॉयस एप विकसित किया है। इसके माध्यम से अभिभावकों को स्कूल में होने वाले कार्यक्रम, बच्चों के होमवर्क व अन्य जानकारियां मिल जाएंगी। अलैना के पिता योगी आहूजा ने बताया कि इस तकनीक की खासियत है कि यह स्कूलों द्वारा किए गए बदलाव को स्कूलों की वेबसाइट से खुद ही पढ़कर अभिभावकों तक नोटिफिकेशन के रूप में पहुंचाता है। अभिभावक एप पर बोलकर भी जानकारी पूछ सकते हैं।
बुद्धि विहार सेक्टर-दो निवासी और टेमानेंड मिडिल स्कूल की कक्षा सात की छात्रा अलैना द्वारा विकसित तकनीक को अब तक यूएस के अंदर पेंसिलवेनिया, न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, ब्रिज वैली, बकिंघम, टाइटस और जैमसन के 23 स्कूलों ने अपनाया है। योगी आहूजा के अनुसार करीब दस हजार अभिभावकों को इससे मदद मिल रही है। इससे पहले अलैना ने कक्षा चार में खोया-पाया एप विकसित किया था। इस एप को भी स्कूल ने अपनाया था।
गलत अलार्म को रोकने पर कर रही काम
अलैना अब गलत अलार्म को रोकने की तकनीक पर काम कर रही है। अलैना के मुताबिक यूएस में अलार्म बजते ही पुलिस और अग्निशमन के अधिकारी घरों में पहुंच जाते हैं। वहां जाकर कई बार पता चलता है कि सब्जी भूनते वक्त अलार्म बज गया था। इससे पुलिस और अग्निशमन के अधिकारियों का समय बर्बाद होता है। अब वह ऐसी तकनीक विकसित कर रही हैं, जो धुएं में गंध को पहचानकर अलार्म देगी।
टेनिस की है खिलाड़ी
पढ़ने में मेधावी अलैना को प्रेसीडेंट अवॉर्ड मिला है। अवार्ड पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर हैं। इसके अलावा अलैना को टेनिस का भी शौक है। वह अपनी टीम के साथ यूएस ओपन का आयोजन करने वाली संस्था यूएसटीए के लिए खेलती है। स्कूल टीम को प्रतियोगिताएं भी जितवाई हैं।
परिजनों को दिया सफलता का श्रेय
अलैना ने अपनी सफलता का श्रेय सॉफ्टवेयर इंजीनियर माता-पिता नीलोफर आहूजा, योगी आहूजा, दादी राधा आहूजा, दादा हिंदू कालेज के रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष स्व. कृष्ण गोपाल आहूजा के अलावा अमरोहा निवासी नाना रमेश सूरी और नानी सुनीता सूरी को दिया।