सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अगवानपुर में शनिवार रात एक युवती अपने माता पिता का घर छोड़कर दूसरी बिरादरी के प्रेमी के घर जाकर बैठ गई। प्रेमी के परिजनों ने उसको भगाने का प्रयास किया तो युवती ने 112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। काफी देर तक खूब हंगामा हुआ। इसके बाद पीआरवी कर्मी युवती को पुलिस चौकी ले गए। जहां उसने कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाकर पिता के घर जाने से इनकार कर दिया।
देर रात तक पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों में पंचायत होती रही। बात नहीं बनी तो चौकी इंचार्ज ने प्रेमी युगल को थाने भेज दिया। नगर पंचायत के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती शनिवार रात दूसरी बिरादरी के युवक के घर जाकर बैठ गई। युवती ने दावा किया की उसने प्रेमी से कोर्ट मैरिज के साथ निकाह भी कर लिया है। उसकी बात सुनकर प्रेमी का पिता हड़बड़ा गया।
उसने युवती को समझाने की कोशिश की। युवती नहीं मानी तो उसने युवती को घर से निकालने का प्रयास किया। इससे युवती भड़क गई। उसने वहां हंगामा कर दिया। उसने 112 पर कॉल करके पुलिस भी बुला ली। हंगामा होने पर वहां मजमा लग गया। पीआरवी कर्मी युवक और युवती को पुलिस चौकी ले गए। जानकारी के बाद युवती के परिजन भी पुलिस चौकी पहुंच गए।
प्रेमी प्रेमिका ने पुलिस के सामने शादी कर लेने की बात कबूल की। उन्होंने अपनी शादी के कागजात भी पुलिस को दिखाए। दोनों एक दूसरे के साथ पति पत्नी के रूप में रहने की जिद पर अड़ गए। लड़का पक्ष तो राजी हो गया लेकिन युवती के परिजन उसको अपने साथ घर ले जाने का प्रयास करते रहे। इस पर पुलिस राजी नहीं हुई।
लड़की के भाई ने बहन को बहला फुसलाकर ले जाने की तहरीर पुलिस को दी। चौकी प्रभारी मृदुल कुमार के मुताबिक दोनों बालिग हैं उनका कहना है कि उन्होंने निकाह कर लिया है। लड़की के भाई ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।