एक दूसरे को जीवन साथी बनाने में विफल रहने पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी। युवती के परिजनों ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जान गंवाने वाला युवक सोनकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला था। जबकि युवती से बिलारी थाना क्षेत्र के एक गांव की थी।
दोनों की ही एक दूसरे के गांव में रिश्तेदारी है जिसकी वजह से आना जाना रहता था। जिससे दोनों की नजदीकियां बढ़ गई थीं। हालांकि प्रेमी युगल एक जाति से ताल्लुक रखते थे। बताते है कि प्रेम-प्रसंग का राज जब उजागर हुआ तो कुछ बंदिशें में भी सामने आने लगी है।
माना जा रहा है कि एक दूसरे को जीवन साथी बनाने के संजोए सपने पूरे नहीं होते दिखाई देने पर प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। दोनों क्षेत्र के ही जलालपुर खास संपर्क मार्ग पर मिले थे। दोनों के परिजन अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले गए। मंगलवार की देर रात युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था, परिजनों ने कार्रवाई से मना कर दिया।
युवती को उसके परिजन उत्तराखंड के एक अस्पताल में ले गए थे जिसने बुधवार शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवती के शव का भी परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत का कहना है कि प्रेमी युगल ने किसी वजह से जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी है। इसकी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है।