मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र में सूर्यनगर की मुख्य सड़क बनने के छह महीने बाद ही जर्जर होने लगी है। इस मुख्य मार्ग से जुड़ीं कई कॉलोनियों की सड़कें नीची हो गई हैं, जिसके कारण यहां की जलनिकासी प्रभावित होने लगी है। मुख्य सड़क पर भी जलभराव की स्थिति बन जाती है, जो सड़क के टूटने का मुख्य कारण है।
सूर्यनगर कॉलोनी लाइनपार क्षेत्र के बड़ी कॉलोनियों में शुमार है, जो नगर निगम के वार्ड 26 व 27 का हिस्सा है। कुछ समय पहले तक तो यहां की स्थिति और भी दयनीय थी लेकिन पिछले छह महीने पहले यहां ही मुख्य सड़क जो श्रीनाथ धर्मशाला से मानपुर नरायणपुर तक जाती है उसकी मरम्मत की गई थी। मगर अक्सर जलभराव होने के कारण सड़क फिर जगह जगह से टूटने लगी है। खास बात यह है कि यह मुख्य सड़क एक बड़े बाजार में तब्दील हो चुकी है। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में दुकानें बन चुकी हैं, कई कॉलोनियों का यहां आवागमन भी रहता है। इस रोड का जयंतीपुर, करूला, ढक्का के साथ साथ आरटीओ कार्यालय, कोहिनूर चौराहे से होते हुए संभल, चंदौसी जाने के लिए बाईपास के रूप में भी उपयोग किया जाता है। इस रोड पर अतिक्रमण भी बहुत हो गया है। कई दुकानें तो सड़क तक बना ली गई हैं, अधिकतर ने दुकानों से सड़क तक सीढि़यां बना ली हैं।
-
- सूर्य नगर अब एक बड़ा बाजार बन चुका है, यहां की मुख्य सड़क छह सात महीने पहले ही दोबारा बनाई गई थी लेकिन बहुत जल्दी फिर टूटने लगी है।
-नरेश कुमार शर्मा
- मुख्य सड़क पर जगह जगह गड्ढे बन गए हैं, इसका मुख्य कारण यह है कि सड़क पर अक्सर जलभराव हो जाता है, जिससे सड़क टूटने लगी है।
रिंकू
- मेरी दुकान के सामने ही सड़क पर कई गड्ढे बनने लगे है, सफाई कर्मचारी तो आते हैं लेकिन वह कॉलोनी के अंदर न जाकर मुख्य सड़क पर ही जहां तहां झाड़ू मारकर चले जाते हैं।
तोताराम
- फिलहाल तो पेयजल ठीक है लेकिन इसका प्रेशर इतना कम है कि लोगों के घरों की टंकियां भरने में बहुत समय लग जाता है, जब तक पानी चला जाता है।
गौरव सैनी
- मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइटें तो हाल ही में लगाई गई हैं लेकिन कई बंद हो चुकी है, कॉलोनी के अंदर की गलियों में लाइटें कम है, जिससे अंधेरा रहता है।
किशोर सैनी
- यहां की मुख्य समस्या नालियों की नियमित सफाई न होना भी है, नालियां भर जाती है तो गलियों में पानी भरने लगता है, इसका निदान जरूरी है।
सरला देवी
- कभी कभी तो पानी आता ही नहीं है, जिससे पूरे दिन लोगों को भारी परेशानी होती है, कभी गंदा आता है, जो पीने लायक ही नहीं होता है।
सोमपाल सिंह
- नगर निगम की ओर से सूर्य नगर की कई गलियों को बनवाया जा रहा है लेकिन अभी भी कुछ गलियां ऐसी हैं जो बनना शेष है, जिनमें लोगों को दिक्कत होती है।
रचित
- मुख्य नाला ऊंचा है, सड़क भी ऊंची है इसलिए कॉलोनी की पर्याप्त जलनिकासी नहीं हो पाती है, जिससे बारिश के दौरान पूरी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
पवन साहू
- हल्की सी बारिश में यहां की बिजली सबसे पहले बंद कर दी जाती है, स्ट्रीट लाइटें भी कम ही जल रही है, नगर निगम को सुविधाओं को नियमित करना चाहिए।
विजेंद्र सिंह