मुरादाबाद। वैक्सीन की कमी से बंद पड़ा गांव का टीकाकरण अभियान फिर से शुरू होगा। वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ने पर सोमवार को बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन गांव में ही कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। वहीं जिले के 31 केंद्रों पर भी वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। इसमें शहर के 23 केंद्र शामिल हैं।
गांवों में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए 21 जून से ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की गई थी। इस अभियान में बिलारी, डिलारी और ठाकुरद्वारा ब्लाक के 91 गांव शामिल किए गए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम इन गांवों में पहुंचकर ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन करतीं है और वहीं ग्रामीणों को टीका लगाया जाता है, लेकिन वैक्सीन की कमी से इस अभियान पर ब्रेक लग गया। 29 जून से अभियान बंद है। वहीं शुक्रवार को जिले में वैक्सीन की 23400 डोज पहुंचने पर सोमवार से अभियान को दोबारा से शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। इसके अलावा शहर और ग्रामीण इलाकों के 31 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। इसमें शहर के 23 और ग्रामीण इलाके के आठ केंद्र शामिल हैं।
- वैक्सीन की उपलब्धता होने पर सोमवार को गांवों में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। ये अभियान डिलारी, बिलारी और ठाकुरद्वारा ब्लाक में चलेगा। वैक्सीन की कमी के चलते ये अभियान ठप था। - डा. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
शहर के इन केंद्रों पर लगेगा टीका
- जिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल, सीपीएच, मैथोडिस्ट कालेज, यूपीएचसी फकीरपुरा, कानून गोयान, गाड़ीखाना, कांशीरामनगर, चिड़िया टोला, मियां कालोनी, नवाबपुरा, पीतल बस्ती, नया गांव, बंगला गांव, कटघर, गुलाबबाड़ी, कंजरी सराय, कोठीवाल नगर, मझोला।
ग्रामीण इलाकों में इन केंद्रों पर लगेगा टीका
- सीएचसी भोजपुर, बिलारी, डिलारी, सीएचसी कांठ, मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, कुंदरकी, एपीएचसी पाकबड़ा