मुरादाबाद। 22 घंटे बाद प्रदूषण में आई कमी के बाद मुरादाबाद दो पायदान नीचे घिसक कर मुरादाबाद देश में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। गुरुवार शाम नौ बजे मुरादाबाद का एक्यूआई 408 था, जबकि शुक्रवार शाम सात बजे एक्यूआई घटकर 368 हो गया। फिलहाल पीतलनगरी की हवा जहरीली बनी हुई है।
गुरुवार को मुरादाबाद के प्रदूषण का स्तर देश में सबसे अधिक दर्ज किया गया था। गुरुवार रात नौ बजे एक्यूआई 408 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। हालांकि क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी ने शहर के एमएच कालेज में कंटीन्युआस एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग स्टेशन (स्वचालित परिवेशीय वायु गुणवत्ता अनुश्रवण केंद्र) में तकनीकी गड़बड़ी बताई थी। इसके चलते वास्तविक डाटा से 30 फीसदी अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक प्रदर्शित होने का दावा किया था। वहीं दूसरे दिन शुक्रवार शाम सात बजे एक्यूआई 368 पहुंच गया। बाइस घंटे में एक्यूआई में 40 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद मुरदाबाद देश में तीसरे नंबर पर रहा। पहले नंबर पर गाजियाबाद और दूसरे नंबर पर नोएडा रहा।