पाकबड़ा (मुरादाबाद)। छेड़खानी से तंग आकर स्कूल छोड़ने वाली 6वीं की छात्रा और उसके परिवार को पुलिस ने घर जाकर सुरक्षा का भरोसा दिया। इसके बाद पीड़िता 21 दिन बाद स्कूल गई। उधर आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस बाल कल्याण अधिकारी ने एक रिपोर्ट किशोर न्यायालय बोर्ड को भेजी है। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रा का परिवार मूलरूप से नेपाल निवासी है। उसके पिता दिल्ली रोड स्थित निर्यात फर्म में नौकरी करते हैं।
कक्षा आठ में पढ़ने वाला आरोपी नाबालिग छात्रा को बीस दिन से परेशान कर रहा था। आरोप है कि तीन माह पहले भी इस नाबालिग मनचले ने छात्रा के साथ
छेड़खानी की थी। तब परिवार से शिकायत करने के बाद कुछ दिन आरोपी शांत हो गया था लेकिन इसके बाद फिर से हरकतें करने लगा था। आरोपी नाबालिग छात्रा का पीछा स्कूल तक करने लगा। जिससे छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। शुक्रवार
की शाम को जब छात्रा कूड़ा डालने के लिए घर से निकाली थी तो आरोपी आ गया और उसने छेड़खानी की और उसे उठा कर ले जाने की धमकी दी। छात्रा के पिता ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया की पीड़ित और आरोपी नाबालिग हैं। थाने पर तैनात बाल कल्याण अधिकारी को इस मामले की जांच के लिए लगाया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर किशोर न्यायालय बोर्ड भेजी गई है। किशोर न्यायालय बोर्ड के आदेश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।