बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन बिलारी के अध्यक्ष पद के चुनाव में शनिवार को हुए मतदान में आफाक हुसैन ने 59 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया। आफाक हुसैन इससे पहले भी छह बार अलग-अलग वर्षों में तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हो चुके हैं।
अध्यक्ष पद के इस चुनाव में कुल 253 मतदाता थे जिनमें से 245 मतदाताओं ने मतदान किया। तीन बजे तक मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू हुई। चुनाव अधिकारी नबाव हुसैन ने बताया कि कुल पड़े 245 मतों में से चार मत निरस्त कर दिए गए। निर्वाचित अध्यक्ष प्रत्याशी आफाक हुसैन को 150 मत और पराजित प्रत्याशी अजयपाल सिंह को 91 मत मिले।
बार एसोसिएशन की एल्डर समिति के अध्यक्ष कमाल अकबर एडवोकेट ने अध्यक्ष आफाक हुसैन को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र जारी किया। खास बात यह रही कि दिन भर लगातार बारिश होने के बावजूद वकीलों में मतदान को लेकर उत्साह दिखा। छतरी लगाकर वकील मतदान करने को लाइन में लगे रहे। मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भारी पुलिस फोर्स तहसील में मौजूद रहा।