लंबे समय से हाईकोर्ट बेंच की मांग कर रहे वकील बुधवार को सड़क पर उतर आए। द बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कचहरी से लेकर पीलीकोठी तक जुलूस निकाला, नारेबाजी की। पीलीकोठी पर करीब आधे घंटे जाम लगा रहा। वकीलों ने एक स्वर में दोहराया कि हाईकोर्ट बेंच लेकर रहेंगे। जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा।
द बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के साथ शहर के अन्य संगठनों ने भी साथ दिया। भावाधस, व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी प्रदर्शन में मौजूद रहे। पीलीकोठी पर आधा घंटे जाम लगाया गया। निकलने वाले वाहन चालकों को रोका गया। यहां नारेबाजी के साथ ही अधिवक्ताओं ने नुक्कड़ नाटक किया। अध्यक्ष चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता लंबे समय से हाईकोर्ट बेंच की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अगर हाईकोर्ट बेंच स्थापित होती है तो इससे वादकारियों को ही फायदा होगा। उनका पैसा और समय दोनों ही बच जाएंगे, लेकिन जनहित की मांग को भी नहीं सुना जा रहा। अधिवक्ताओं ने फिर दोहराया कि जब तक हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नहीं हो जाती, वकील संघर्ष करते रहेंगे। इस मौके पर महासचिव राकेश वशिष्ठ के अलावा अभिषेक भटनागर, अचल शर्मा, शेरसिंह, संजीव राघव, जितेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व अध्यक्ष अमीरुलहसन आदि मौजूद रहे।