गोली लगने से घायल अधिवक्ता मोहम्मद उवैद।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में पाकबड़ा-डींगरपुर मार्ग पर यूसुफपुर नगलिया गांव के पास गुरुवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता को गोली मार दी। घटना के समय वह कचहरी से अपने घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
अधिवक्ता मोहम्मद उवैद (38) मैनाठेर के रसूरपुर हमीर गांव निवासी हैं। वह मुरादाबाद कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार शाम को अधिवक्ता बाइक से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे अधिवक्ता की बाइक पाकबड़ा क्षेत्र में यूसुफपुर नगलिया गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से दो बाइकों पर चार हमलावर आए और उन्होंने अधिवक्ता मोहम्मद उवैद पर फायरिंग शुरू कर दी। अधिवक्ता ने खुद को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग में एक गोली अधिवक्ता को गर्दन के पास लग गई और बाइक समेत सड़क किनारे गिर गए। इसके बाद हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने यूपी 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल अधिवक्ता को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी फोर्स लेकर मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश की। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों से पूछताछ और जांच पड़ताल से सामने आया है कि अधिवक्ता मोहम्मद उवैद गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। एक फरवरी को भी गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज किया गया था। एक केस में मोहम्मद उवैद वादी हैं। जबकि दूसरे केस में प्रतिवादी हैं। पुलिस हर एंगल पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।