सीएए के विरोध में ईदगाह स्थल पर धरने में शामिल मशहूर शायर एवं कांग्रेस के टिकट से मुरादाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ चुके इमरान प्रतापगढ़ी और धरना आयोजक समेत 336 लोगों पर मुरादाबाद जिला प्रशासन ने शांति भंग की आशंका के मद्देनजर मुचलका पाबंद किया है। न्यायालय में पेश होकर छह माह की अवधि तक इमरान पर दस लाख रुपये और अन्य लोगों पर पांच-पांच लाख रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र (बांड) भरने की चेतावनी का नोटिस भी दिया है।
सीएए के विरोध में ईदगाह स्थल पर पिछले 18 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। इसमें मुरादाबाद के अलावा बाहरी कई नेता भी शामिल हो रहे हैं। शांति व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू की है। कटघर और गलशहीद थाना पुलिस की रिपोर्ट पर शांतिभंग की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इमरान प्रतापगढ़ी समेत तीन सौ लोगों को अलग-अलग तिथियों पर पाबंद किया है। इमरान को छह फरवरी को नोटिस जारी हुआ है, जिसका खुलासा शनिवार को हुआ है। इमरान प्रतापगढ़ी सात फरवरी को धरने में शामिल थे।
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने 120, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम ने 130 और अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय की अदालत ने 86 लोगों को नोटिस भेजे हैं। इमरान प्रतापगढ़ी को अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम राजेश कुमार ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में इमरान समेत सभी लोगों से कहा कि सीएए के विरोध के चलते शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल पर रोज 13 लाख 42 हजार पांच सौ रुपये खर्च हो रहा है। अब तक एक करोड़ चार लाख आठ हजार 693 रुपये खर्च हो चुके हैं। यह नोटिस छह फरवरी जारी हुआ है कि क्यों ने यह व्यय धनराशि का खर्च इमरान समेत अन्य लोगों से वसूला जाए।
अदालत ने इमरान या उसके वकील को 12 फरवरी तक न्यायालय में पेशी होने का आदेश दिया है। जिसमें कहा गया है कि क्यों न उन पर छह माह तक सदाचार एवं लोक परिशांति बनाए रखने के लिए 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही राशि के दो प्रतिभुओं का निष्पादन कराया जाए। इमरान या उनके वकील 12 फरवरी को न्यायालय में पेश नहीं हो सके हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक 235 लोग न्यायालय में पेश हो चुके हैं। इनमें अधिकतर मामले निस्तारित हो गए हैं। जबकि कई लोगों को बांड से पाबंद किया है।
न्यायालय ने शांतिभंग की आशंका के मद्देनजर शायर इमरान प्रतापगढ़ी समेत अन्य लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इमरान प्रतापगढ़ी के धरना स्थल पर जाने से शांतिभंग हुई या नहीं, पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अदालत सुनवाई करेगी। इमरान या उसके वकील का पक्ष रखने और पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अदालत नोटिस रद्द भी कर सकती है। अदालत के विवेक पर निर्भर है। वह छह महीने तक मुचलका और जमानतियों के साथ पाबंद भी कर सकती है। - राजेंद्र सेंगर, एडीएम सिटी
शांतिभंग, सरकारी संपत्ति को नुकसान की आशंका के मद्देनजर शायर इमरान प्रतापगढ़ी और अन्य लोगों को नोटिस जारी हुए हैं। सभी नोटिस गलशहीद और कटघर थाना पुलिस की रिपोर्ट के बाद जारी किए हैं। इनमें धरना आयोजन कमेटी के 11 लोग भी शामिल हैं। गलशहीद थाना पुलिस ने इमरान को व्हाट्सएप पर नोटिस भेजा है। अभी तक पुलिस ने अपनी रिपोर्ट नहीं दी है। पुलिस की रिपोर्ट मिलने पर ही आगे की कार्यवाही सुनिश्चित होगी। - राजेश कुमार, अपर मजिस्ट्रेट प्रथम