मुरादाबाद। लांग टर्म वीजा पर रामपुर में रह रहे 50 वर्षीय कोरोना संक्रमित पाकिस्तानी नागरिक ने टीमएयू में सोमवार शाम दम तोड़ दिया। वहीं, रैपिड एंटीजन टेस्टिंग में पुलिस ट्रेनिंग कालेज (पीटीसी) के 64 पुलिस कर्मी पॉजिटिव आए। एंटीजन टेस्टिंग से सोमवार को जिले में कुल 78 संक्रमित सामने आए। इनमें एडी हेल्थ की पत्नी, पाकबड़ा थाने का एक दारोगा भी है। नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1454 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि शनिवार और रविवार को रैपिड एंटीजन टेस्टिंग के दो दिवसीय अभियान के बाद अब सोमवार से रूटीन सैंपलिंग शुरू कर दिए हैं। सोमवार को जिले में 1399 आशंकित लोगों के रैपिड टेस्ट किए गए। शहरी क्षेत्र में 451 और ग्रामीण क्षेत्र में 948 टेस्ट किए गए। इसमें कुल 78 पॉजिटिव मिले हैं। शहरी क्षेत्र में 68 और ग्रामीण क्षेत्र में 10 पॉजिटिव आए हैं। सीएमओ ने बताया कि संक्रमितों में 64 पुलिस कर्मी शामिल हैं। डा. ऋचा लोचब के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने पुलिस ट्रेनिंग कालेज में 130 पुलिस कर्मियों के रैपिड सैंपल लिए। 64 पुलिस कर्मी पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमित पुलिस कर्मी महीनों से ट्रेनिंग पर हैं और अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस कर्मियों में कोरोना के लक्षण नहीं थे। कुछ पुलिस कर्मियों को स्क्रीनिंग में हल्का बुखार और खांसी की शिकायत थी।
मूंढापांडे सीएचसी की टीम ने पंचायत घर में रैपिड जांच की। एक मिठाई का दुकान संचालक समेत पांच लोग पॉजिटिव मिले। इससे भीतखेड़ा गांव और मूंढापांडे पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रास्ते बंद कर दिए। पाकबड़ा थाने में तैनात दारोगा भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। दारोगा की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा है। दारोगा थाना परिसर स्थित बिल्डिंग में रहता था। उसी बिल्डिंग में थाना प्रभारी और पांच दारोगा भी रहते हैं। थानाध्यक्ष समेत दारोगाओं ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। थाना के मुख्य गेट पर बैरिकेड लगा दिए हैं। शिकायर्ताओं को सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। संक्रमित पुलिस कर्मियों को कोविड केयर सेंटर और अस्पताल में भर्ती कर दिया है।
एडी हेल्थ की पत्नी कोरोना पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में बेचैनी बढ़ गई है। एडी हेल्थ की पत्नी बुखार से पीड़ित थी। बुखार नहीं उतरने पर एडी हेल्थ और उनकी पत्नी का जिला अस्पताल में ट्रू नेट से जांच कराई गई। पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। जबकि एडी हेल्थ की रिपोर्ट निगेटिव है। एडी हेल्थ जिला अस्पताल परिसर स्थित आवास में रहते हैं।