सघन मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण कार्य में लापरवाही बरतने और गैरहाजिर मिलने के आरोप में चार बेसिक हेल्थ वर्कर (बीएचडब्लू) के खिलाफ कार्रवाई की गई है। चिकित्सा अधीक्षक ने चारों का एक-एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है।
सोमवार से मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान प्रारंभ हुआ है। यह लगातार चौदह अप्रैल तक चलेगा। इस में गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। मंगलवार को यूनिसेफ बीएमसी रेखा पटेल और यूनिसेफ फिल्ड मॉनिटर अफसर अली ने कई स्थानों पर पहुंचकर टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर गांव भीकनपुर में बेसिक हेल्थ वर्कर (बीएचडब्लू) पुष्पा देवी, छजलैट के चंगेरी में नीतू, कूरी रवाना में प्रेमलता देवी और कोठी खिदमतपुर में अंशु चौधरी टीकाकरण के दौरान लिस्ट व टीकाकरण से संबंधित अन्य सामान का इस्तेमाल करते हुए नहीं पाई गई। साथ ही मौके से गैरहाजिर भी मिली। इसकी रिपोर्ट बीएमसी रेखा पटेल और फिल्ड मॉनिटर अफसर अली ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राघव कुमार सिंह को दी। इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चिकित्सा अधीक्षक ने चारों बेसिक हेल्थ वर्कर (बीएचडब्लू) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है। साथ ही चारों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई ने अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। इधर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राघव कुमार सिंह, बीपीएम चंद्रशेखर यादव, पीएमडब्लू अनिल कुमार सैनी ने कई स्थानों पर पहुंचकर स्वयं भी मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं।