मुरादाबाद। पाकबड़ा पुलिस ने युवाओं को नशे के आदी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से स्मैक भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिल रही थी कि पाकबड़ा कस्बे का एक युवक स्मैक बेचने का काम कर रहा है। स्मैक को ज्यादातर युवा पीढ़ी खरीद रही है, जिससे युवा नशे के आदी हो रहे हैं। पुलिस ने गुरुवार को स्मैक बेचने वाले युवक को दबोच लिया। पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शकील उर्फ बारी निवासी जुमेरात बाजार, पाकबड़ा बताया। पुलिस को शकील के पास से सात ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने शकील के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। गुरुवार दोपहर बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद