बिलारी में एसडीओ विद्युत को उपभोक्ताओं की समस्याएं बताते भाकियू पदाधिकारी-संवाद
बिलारी। भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने एसडीओ विद्युत से मिलकर विद्युत कर्मियों पर चेकिंग के नाम पर ग्रामीणों को परेशान करने का आरोप लगाया। विद्युत कर्मियों के रवैये में सुधार न आने और समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
भाकियू टिकैत युवा के पउप्र प्रभारी शुभम राठी, भाकियू जिला उपाध्यक्ष टीनू चौधरी, युवा के जिला उपाध्यक्ष अमन चौधरी, अजीत चौधरी और सौरभ सिंह आदि पदाधिकारी नगर में स्टेशन रोड स्थित विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय पहुंचे।
यहां एसडीओ विद्युत अवधेश कुमार से मिलकर ग्रामीण उपभोक्ताओं की समस्याएं बताईं और मांगों का ज्ञापन दिया। एसडीओ विद्युत से वार्ता के दौरान विद्युत लाइनों पर काम करने वाले संविदा कर्मियों पर विद्युत चेकिंग के नाम पर ग्रामीणों को परेशान करने और उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
भाकियू पदाधिकारियों ने क्षेत्र के टांडा अमरपुर गांव के एक अल्पसंख्यक दंपती को एसडीओ विद्युत के सामने बुलाकर शिकायत रखते हुए कहा कि नया विद्युत कनेक्शन शुरू करवाने के नाम पर क्षेत्रीय विद्युत कर्मियों ने सुविधा शुल्क वसूल लिया और बाद में विद्युत चोरी करने का आरोप लगाते हुए धमकाने लगे। भाकियू पदाधिकारियों ने बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता और अन्य विद्युत कर्मियों के खिलाफ जांच कराने की मांग उठाई। भाकियू पदाधिकारियों का यह भी आरोप था कि देहात को निर्धारित शेडयूल की पूरी बिजली नहीं मिल रही है।
देहात की विद्युत लाइनों में होने वाला ब्रेकडाउन दूर करने में संविदा विद्युत कर्मी काफी देर लगा देते हैं। एसडीओ विद्युत ने आश्वासन दिया कि सभी विद्युत संबंधी समस्याओं का सप्ताह भर में समाधान करा दिया जाएगा।