ठाकुरद्वारा। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को लाखों के साइबर फ्रॉड के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसका बैंक खाता सीज कर दिया गया है। इस मामले में बांटी गई फ्रॉड की धनराशि में से आरोपी के बैंक खाते में पांच लाख रुपये आए थे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि करीब 26 लाख 58 हजार रुपये के साइबर फ्रॉड का मामला बेंगलुरु सिटी के थाना बेस्ट साइबर क्राइम में दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारियों के आदेश पर एनसीआरपी पोर्टल ऑनलाइन साइबर डाटा में साइबर क्राइम की शिकायत संबंधी जांच की गई। जिसमें 26.58 लाख रुपये के फ्रॉड में थाना डिलारी के गांव दोलावाला निवासी सचिन कुमार शामिल पाया गया। उसके स्टेट बैंक खाते में पांच लाख रुपये आए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सचिन कुमार के बैंक खाते की जांच कर उसे सीज कर दिया गया है। सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे लंबी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह कहीं अन्य बड़े साइबर फ्रॉड में तो शामिल नहीं है।