बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन की ओर से शनिवार दोपहर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर तहसील के युवा वकीलों को चैंबर बनाने के लिए जगह दिलवाने की मांग उठाई। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह और महासचिव सुनील कुमार के साथ कई बार पदाधिकारी जिलाधिकारी से मिले और ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि बीते कई वर्षों से विधि व्यवसाय कर रहे युवा वकीलों को तहसील परिसर में चैंबर बनाने के लिए जगह नहीं मिल पाई है। तहसील के अधिकारी आश्वासन तो देते हैं लेकिन बाद में उस पर अमल नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में धारा 38 राजस्व संहिता से संबंधित शिकायतों का तहसील अधिकारियों द्वारा समय से निस्तारण न करने की बात भी कही गई है। बार पदाधिकारियों ने वकीलों की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।