मुरादाबाद। बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी मोहसिन चौधरी को मझोला थाने की पुलिस ने बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे नया मुरादाबाद में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मंगलवार की देर रात इसके साथी सरताज चौधरी को गिरफ्तार किया था। आरोपी मोहसिन ने पूछताछ में कबूला है कि सरताज के उकसाने पर उसने पिस्टल से अब्दुल्ला को गोली मारकर हत्या की थी।
पाकबड़ा के मुल्लाओं वाला मोहल्ला निवासी शाकिर ने मझोला थाने में रिपोर्ट कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे उनका 19 वर्षीय बेटा बीकॉम का छात्र अब्दुल्ला अपने साथी बाबर, अयान और उवैश के साथ मझोला क्षेत्र में महफिल ढाबे पर चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी ने गोली मारकर अब्दुल्ला की हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी भाग गए थे। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर रात आरोपी सरताज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया था। बुधवार की सुबह आरोपी को कोर्ट में कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे नया मुरादाबाद में पुलिस को मोहसिन मिल गया। उसने पुलिस को देखकर बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी की।
आरोपी ने बाइक रोक दी और पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। आरोपी मोहसिन के दाहिने पैर में गोली लगी और मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक, तमंचा और पिस्टल बरामद किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने और सरताज ने अब्दुल्ला से दस हजार रुपये उधार लिए थे। अब्दुल्ला ने ढाबे पर दोनों को देखकर अपने रुपये के लिए तगादा कर दिया था। इसके बाद सरताज के कहने पर उसने अब्दुल्ला को पिस्टल से गोली मार दी थी। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मूंढापांडे, कटघर और नागफनी थाने में भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और रंगदारी मांगने में प्राथमिकी दर्ज हैं।