पाकबड़ा। छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में पुलिस ने 21 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। परिवार ने एक दरोगा पर समझौता करने का दबाव बनाने और पांच अक्तूबर को बयान कराने के नाम पर 400 रुपये लेने का आरोप लगाया है।
यह मामला कस्बे के ही मोहल्ले का है। एक महिला ने एक अक्तूबर को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी । जिसमें महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसके घर में घुसकर 12 साल की बच्ची के साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर मारपीट की। इस घटना को 21 दिन बीतने के बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। जिससे पीड़ित परेशान है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पांच अक्तूबर को पॉक्सो मामले में बयान कराने के नाम पर दरोगा ने उनसे 400 रुपये लिए। परिवार का यह भी कहना है कि कार्रवाई आगे बढ़ाने के बजाय उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंहका कहना है कि इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।