मुरादाबाद में साथी पुलिस कर्मियों से अभद्रता व उन पर फायरिंग करने वाले आरोपी सिपाही ओमकार सिंह को एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बर्खास्त कर दिया है। सिपाही को डेढ़ घंटे देरी से ड्यूटी पर पहुंचने पर साथी पुलिस कर्मियों ने टोक दिया था, जिससे नाराज होकर उसने सरकारी पिस्टल से सात राउंड फायरिंग की थी।
जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने बर्खास्तगी की कार्रवाई की है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि भोजपुर थानाक्षेत्र में गणेशपुर मोड़ पर यूपी 112 पीआरवी (0292) पर सिपाही ओमकार सिंह की ड्यूटी थी। छह मार्च 2020 को सिपाही ढाई घंटे देरी से ड्यूटी पर पहुंचा।
साथी सिपाहियों ने उसे टोका तो वह भड़क गया था। आरोप है कि सह कर्मियों ने अभद्रता करने के बाद सिपाही ने सरकारी पिस्टल से सात राउंड फायरिंग की थी। किसी तरह साथी पुलिस कर्मियों ने खुद को बचाकर सिपाही को कब्जे में लेकर इसकी जानकारी उच्च अफसरों को दी थी।
अफसरों के आदेश पर सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराया गया था, जिसमें अल्कोहल के सेवन करने की पुष्टि हुई थी। तत्कालीन एसएसपी ने सिपाही को
निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए थे। सीओ ठाकुरद्वारा ने मामले की जांच की।