मुरादाबाद। जीआरपी ने रविवार को रेलवे स्टेशन मुरादाबाद पर चेकिंग के दौरान ट्रेन में शराब बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से हरियाणा मार्का रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की की आठ बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत पांच हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रजत रस्तोगी उर्फ डांसर (30) निवासी गोविंद नगर, कटघर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह रेलवे स्टेशन और आसपास के प्लेटफॉर्म पर घूमकर बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को शराब बेचता था। जीआरपी के सीओ विश्वजीत सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी अधिनियम का मामला भी शामिल है। ब्यूरो