कुंदरकी। हाईवे स्थित कुंदरकी नगर के गुलड़ तिराहे के पास बुधवार शाम करीब सात बजे दो काले रंग की स्कॉर्पियो सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताते हैं कि कहासुनी और छीनाझपटी के बीच दो राउंड फायरिंग होने से अफरा तफरी जैसा माहौल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक काली स्कॉर्पियो मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद दूसरी स्कॉर्पियो भी वहां आ गई। दोनों गाड़ियों में सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जोकि देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान दो राउंड फायरिंग की गई। हंगामा बढ़ता देख दोनों पक्ष के युवक अपनी गाड़ियों से निकल गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। फिलहाल फायरिंग की पुष्टि और उसमें शामिल लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गुलड़ तिराहे पर आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही पूरी तरह से विवाद की वजह और फायरिंग की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।