ठाकुरद्वारा। थाना डिलारी के गांव सलारपुर निवासी अधेड़ बबलू का शव रविवार को सुबह ठाकुरद्वारा के गांव रतूपुरा में नाले में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को नाले से निकाल कर उसकी शिनाख्त करवाई थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने भी उसे बबलू के रूप में पहचाना था। पुलिस का कहना है कि बबलू शराब पीता था। शराब के नशे में ही वह नाले में गिर गया था और उसकी मौत हो गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने सोमवार को बताया कि बबलू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके नाले में गिरने से पानी में मौत होने की बात बताई गई। उसके शरीर पर कोई चोट का निशान भी नहीं है। जबकि परिजन और मृतक के बड़े भाई कलुआ सिंह पोस्टमार्टम रिपोर्ट को नहीं मान रहे हैं। कलुआ सिंह का कहना है कि उन्होंने बताया गया नाल देखा तो वह इतना गहरा नहीं था और न ही उसमें इतना पानी था कि उसमें बबलू डूब कर मर जाता। उन्होंने सोमवार शाम को कहा कि उनकी मांग है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की भी जांच की जाए। कलुआ सिंह ने कहा कि वे मंगलवार को इस संबंध में रतूपुरा पहुंचकर विधायक सुशांत सिंह से न्याय की मांग करेंगे। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर शक व्यक्त किया है।