मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली- लखनऊ हाईवे पर उमरी सब्जीपुर गांव के सामने मंगलवार की शाम छह बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार माैसेरे भाई फैज (22) और सालिम (24) की मौत हो गई, जबकि इनका साथी जहीर घायल हो गया। हादसे के समय तीनों रामपुर में किला देखने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक कार दौड़ा कर मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल जहीर को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाला फैज गलशहीद क्षेत्र में बिजली घर के पास रहता था, जबकि उसका माैसेरा भाई सालिम कटघर के मकबरा कुम्हारों वाला चौराहा निवासी था। दोनों भाई कपड़ा सिलाई का काम करते थे। दोनों अपने तीसरे साथी कटघर के उड़पुरा निवासी जहीर को साथ लेकर मंगलवार को रामपुर में किला देखने गए थे। मंगलवार शाम तीनों एक की बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया शाम करीब छह बजे इनकी बाइक पाकबड़ा क्षेत्र में उमरी सब्जीपुर गांव के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेजी से आई कार ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में इनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें फैज और सालिम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जहीर घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पाकबड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल भिजवा दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों और घायल के परिजन पहुंच गए।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से कार और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।