मुरादाबाद। मूंढ़ापांडे थानाक्षेत्र में दलपतपुर के पास दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रझेड़ा पुल से एक ट्रक नीचे गिर गया। जिसमें चालक और हेल्पर बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद दोनों को ट्रक से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मूंढ़ापांडे इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि चालक बंटी और परिचालक सुभाष रामपुर के पटवाई निवासी हैं। बुधवार देर रात चालक और हेल्पर ट्रक में गत्ता लादकर दिल्ली से रामपुर जा रहे थे। बुधवार देर रात तीन बजे ट्रक मूंढापांडे क्षेत्र में रझेड़ा पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया। इस हादसे में चालक और हेल्पर ट्रक में फंस गए। पीछे से आए दूसरे ट्रक के चालक ने इसकी जानकारी दलपतपुर पुलिस चौकी में दी। तब पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद और सुभाष ट्रक से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।