पाकबड़ा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रतनपुर कलां गांव का चार दिवसीय छड़ी मेला शुक्रवार को दंगल मुकाबलों के रोमांच से सराबोर रहा। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने ताकत, फुर्ती और दांवपेच से ऐसा जौहर दिखाया कि दर्शकों की तालियां थमने का नाम नहीं ले रही थीं। फाइनल मुकाबले में मेरठ और रुड़की के पहलवानों की टक्कर बराबरी पर छूटकर खेल का रोमांच और बढ़ा गई।दंगल की शुरुआत मुरादाबाद के पहलवान अभय राघव और पहलवान जुनैद के बीच हुई। पहले ही मुकाबले में अभय राघव ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। इसके बाद इरशाद पहलवान और राशिद पहलवान के बीच कांटे की टक्कर रही जिसमें इरशाद ने बाजी मारी। सबसे बड़ा आकर्षण रहा फाइनल मुकाबला। जहां हरिद्वार रुड़की के शिवम पहलवान और मेरठ के नूर आलम पहलवान आमने-सामने हुए। अखाड़े में लंबे समय तक चली जोरदार कुश्ती ने दर्शकों को सांस थामने पर मजबूर कर दिया। दोनों ने दमखम झोंका लेकिन बाजी बराबरी पर छूट गई।
दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटे। इस मौके पर पूर्व सांसद चंद्र विजय सिंह, पूर्व विधायक मेजर जेपी सिंह, विक्रम सिंह, कल्लू पहलवान, सोनू ठाकुर, मुशाहिद, प्रमोद कुमार, कुलदीप सिंह, रामपाल पासी और हाजी तौहिद समेत कई लोग मौजूद रहे।