मुरादाबाद। इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना में गोली लगने के बाद छात्र अब्दुल्ला करीब 15 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। ढाबे पर 20 से अधिक लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। घायल जमीन पर पड़ा तड़पता रहा और वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल लेकर गई। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मझोला थाने की पुलिस ने घटना के बाद दिल्ली रोड स्थित महफिल चाय ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें देखा गया कि घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। ढाबे पर रोजाना की तरह लोगों की आवाजाही थी। इसी दौरान अब्दुल्ला को गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। फुटेज में देखा जा रहा है कि उस वक्त ढाबे में बीस से अधिक लोग मौजूद थे। युवक दर्द से कराहता रहा और मदद की उम्मीद में लोगों की ओर देखता रहा लेकिन किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अब्दुल्ला को अस्पताल लेकर गई। इस दौरान गोली लगने के बाद करीब 20 मिनट बीत चुके थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समय पर मदद मिलती तो शायद उसकी जान बचाने की कोशिश की जा सकती थी। घटना ने मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनहीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-
फेफड़े में फंसी मिली गोली
मुरादाबाद। मझोला थाने की पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। गोली का एंट्री और एग्जिट पाॅइंट दिखने के लिए शव का एक्सरे भी कराया गया। जिससे पता चला कि गोली दाहिनी ओर कमर और बगल के बीच से लगी थी। गोली फेफड़े में फंसी मिली है। ब्यूरो
मां से कहकर निकला था, थोड़ी देर में लौट आऊंगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पाकबड़ा। दिवाली की रात जब चारों ओर रोशनी और खुशियों का माहौल था तब शाकिर के घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। उनका बेटा अब्दुल्ला मां शाहना से यह कहकर घर से निकला था कि मोहल्ले में घूमकर थोड़ी देर में लौट आएगा। मां ने भी बेटे को रोज की तरह जाने दिया लेकिन उसे क्या पता था कि अब्दुल्ला से यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी। कुछ देर बाद गोलीकांड में उसकी मौत की खबर आई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पाकबड़ा के मुल्लाओं वाला मोहल्ला निवासी बर्तन कारोबारी का बेटा अब्दुल्ला पल्लूपुरा घोसी स्थित एसएल एजुकेशन कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। पिता ने पुलिस को बताया कि शाम को दुकान से घर लौटने के बाद उसने मां शाहना को अपने मोहल्ले में घूमने जाने की बात बताई थी। उसने कहा था कि थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। इसके बाद वह घर से निकल गया। रात करीब साढ़े नौ बजे अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह खबर घर पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। अब्दुल्ला की मौत से उसके पिता शाकिर, मां शाहना और दो भाई जैद और सुहान का रो-रोकर बुरा हाल है।