मंडी धनौरा। बकरीद का त्योहार मनाने आए गांव आया युवक शुक्रवार की सुबह रामगंगा पोषक नहर में बह गया। वह गर्मी से निजात पाने के लिए गांव के ही तीन दोस्तों के साथ नहाने गया था। युवक के बहने की सूचना दोस्त उसके परिजनों से छुपाए रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने युवक के नहर में बहने की जानकारी दी। ग्रामीण गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे। वही पुलिस तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव चुचैला कलां के मोहल्ला खदाना निवासी अमन (18) दिल्ली में कारपेंटर का काम करता था। वह बकरीद का त्योहार मनाने के लिए बृहस्पतिवार की शाम गांव आया था। शुक्रवार की सुबह अपने तीन दोस्तों के साथ रामगंगा पोषक नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान अमन नहर के पानी में बहने लगा। दोस्तों ने उसको बचाने का प्रयास किया लेकिन वह पानी के तेज बहाव में बह गया। अमन के नहर में बहने की खबर दोस्तों ने उसके परिजनों को नहीं दी। उधर शाम तक अमन का पता नहीं लगने पर परिजनों ने दोस्तों से जानकारी की तो वे बहाने बनाने लगे। अमन का मोबाइल फोन भी बंद था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने रामगंगा पोषक नहर में बहने की बात बताई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीण गोताखोर अमन की तलाश में जुटे हुए थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रामगंगा पोषक नहर का जलस्तर काफी अधिक होने की वजह से गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों ने नहर का पानी बंद कराने की गुहार लगाई है। अमन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है।