थाना क्षेत्र के विजयनगर में शनिवार तड़के 4:30 बजे हाथरस के अमरजीत को ग्रामीणों ने चोरी करते पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। आरोपी दो हजार रुपये में टेंपो बुक करके चोरी करने पहुंचा था।
एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि बिलारी क्षेत्र के विजयपुर गांव निवासी हरकिशोर ने शनिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि शुक्रवार रात वह बेटे संजीव के साथ घेर में सोया था। उसकी पत्नी लक्ष्मी, दो बेटी शिवानी व रीना और दो बेटे शिवकुमार व अंकित घर में सो रहे थे।
शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे लक्ष्मी की आहट सुनकर आंख खुल गई। लक्ष्मी ने देखा की एक युवक कमरे में रखी अलमारी खोले खड़ा है। लक्ष्मी ने शोर मचाया तो आरोपी ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुन हरकिशोर, उसके बच्चे व आसपास के लोग जाग गए। सभी ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और उसका तमंचा छीन लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद हुई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों ने चोर की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपी की पहचान हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव नोरथा निवासी अमरजीत के रूप में हुई। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी दो हजार रुपये में बदायूं के बिल्सी से टेंपो बुक कराकर विजयनगर गांव में चोरी करने पहुंचा था। टेंपो चालक उसे छोड़कर चला गया था। इससे पहले भी आरोपी बदायूं, मथुरा और अन्य जनपदों में चोरी की घटनाएं कर चुका है।