मैनाठेर। गांव बघी गोवर्धनपुर के जंगल में 15 फीट गहरी बोरिंग की कुइया में 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है जिसकी नाक के नीचे खून नजर आया, इससे स्पष्ट हो रहा है कि युवती की हत्या कर उसके शव को कुइया में फेंका गया है। अभी युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में शुक्रवार दोपहर करीब 11:00 बजे अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और सीओ बिलारी अशोक कुमार सिंह मैनाठेर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इनके द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। युवती के शव को बोरिंग की कुइया से बमुश्किल बाहर निकाला गया तो शव के देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जब युवती के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया तो शव की कोई शिनाख्त नहीं हो सकी। इस दौरान लोगों ने युवती की हत्या कर उसके शव को कुइया में फेंके जाने की आशंका जताई है।
बच्चों ने देखा कुइया में पड़ा युवती का शव
मैनाठेर। बघी गोवर्धनपुर गांव निवासी भूप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उसने अपने रिश्तेदार प्रेमपाल का खेत बटाई पर ले रखा है जो लाकड़ी फाजलपुर मुरादाबाद का निवासी है, खेत में ही बनी बोरिंग की कुइया जो कि 15 फीट गहरी है उसमें खेत में काम करने वाले बच्चों ने देखा कि कुइया में किसी लड़की का शव पड़ा है जब इस बात की जानकारी बच्चों ने आकर मुझे दी तब मैंने कुइया में जाकर देखा और इस बात की जानकारी ग्राम प्रधान धीरेंद्र सिंह को दी तो प्रधान की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर एक युवती के शव खेत में बनी बोरिंग की कुइया में पड़ा होने की सूचना मिली थी जिसके तत्काल बाद ही स्थानीय पुलिस पहुंची, मेरे द्वारा घटनास्थल की निरीक्षण किया जिसके बाद शव को कुइया से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी और शिनाख्त कराकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुंवर आकाश सिंह, एसपी देहात मुरादाबाद
200 मीटर दूरी तक नजर आए खून के निशान
तो बोरिंग की कुइयां से पहले से युवती की हत्या कर दी गई थी जिसकी वजह से जंगल में लगभग दो सौ मीटर की दूरी में खून के निशान देखे गए हैं। आशंका यह भी कि युवती की कहीं गला घोंटकर कर तो जान नहीं ली है। पुलिस ने घंटों तक जंगल में छानबीन करती रही है ताकि कोई साक्ष्य मिले।
पुलिस ने डॉग स्क्वाड को भी बुलाया
युवती की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने पहले से फोरेंसिक टीम को कॉल किया ताकि घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें। इसके बाद डॉग स्क्वाड को बुलाया गया है जिसके माध्यम से हत्यारोपियों तक पहुंचने की कवायद होती रही लेकिन घटनास्थल की चारों ओर डॉग को घुमाया गया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।