कांठ। नगर के मोहल्ला ईदगाह नईबस्ती में शुक्रवार बाद बकरियों को को पकड़ने के लिए दौड़ युवती लटकी हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गई। उसे बचाने के दौरान उसका नौ वर्षीय भतीजा भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला ईदगाह नईबस्ती निवासी नाजिया (22) शुक्रवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अपने घर में ही थी, परिजनों के अनुसार इस दौरान घर में पल रहीं बकरियां अचानक घर से बाहर निकल गईं, जिन्हें पकड़ने के लिए नाजिया और उसका नौ साल का भतीजा मोहम्मद साद भी पीछे से दौड़ पड़े। इस दौरान दोनों यहां से होकर निकल रही नीचे लटकी हाई वोल्टेज की बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से नाजिया झुलस गई और उसके भतीजे मोहम्मद साद का हाथ भी करंट लगने से झुलस गया।
साद के शोर मचाने पर दौड़े लोगों ने जैसे-तैसे नाजिया को बिजली लाइन से पकड़कर खींचा। हादसे की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी राहुल राघव, उपनिरीक्षक संजीव कुमार मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद नाजिया की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं मोहम्मद साद का इलाज कराने के बाद परिजन उसे घर ले गए। हादसे के बाद मोहल्ले के लोगों में लटकी बिजली लाइन को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि यह हाई वोल्टेज बिजली लाइन काफी समय से नीचे लटकी हुई है। लाइन को ऊंचा कराने के लिए कई बार मांग की गई, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। मोहल्ले के सभासद रईस अहमद, अहमद, मुस्तकीम, साबिर, शबनम, नब्बू फरीदी, सलमान, नईम आदि से लटकी लाइन को ऊंचा कराने की मांग की है।