मुरादाबाद। मुगलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक को बहाने से घर बुला लिया और उसको बंधक बनाकर पीटा। इस दौरान उसे निर्वस्त्र कर दिया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। उससे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 85 हजार रुपये भी वसूल लिए। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत 12 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक ने मुगलपुरा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह कबाड़ का काम करता है। एक साल पहले वह सुलेमान की दुकान पर कबाड़ बेचने गया था। इसी दौरान सुलेमान ने उसके मोबाइल पर किसी से बात की थी। अगले दिन युवक के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाली युवती ने बताया कि वह ताजपुर माफी गांव की रहने वाली है। उसका नाम शगुफ्ता है। एक माह पहले शगुफ्ता ने उसे ताजपुर माफी गांव में रेहाना से घर मिलवाने बुला लिया। आरोप है कि यहां रेहाना वीडियो बनाने की कोशिश करने लगी तो उसने मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि इसी समय इल्मा, इकरा, उबैद, सुलेमान, इमरान नानू चांद बी और सय्यद आ गए। सभी ने नौशाद के साथ मारपीट की और उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की मांग करने लगे। आरोप है कि 18 अक्तूबर 2025 को शगुफ्ता के जीजा इमरान, सुलेमान, अनीस और पप्पी चौधरी ने उससे एक लाख रुपये की मांग की। बदमानी के डर में उसने 85 हजार रुपये दिलवा दिए। इसके बाद भी आरोपी उसे तरह तरह से परेशान करते रहे। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर 12 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।