ठाकुरद्वारा। गांव गझेड़ा आलम में शनिवार को सुबह हाईटेंशन लाइन के करंट से युवक झुलस गया। गांव निवासी मुनतियाज अहमद (26) सुबह अपने मकान की छत पर बने बाथरूम में पहुंचा तो उसमें पानी में करंट आ रहा था।
घटना का कारण यह था कि छत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को एक डंडे से बांध रखा था। डंडा गीला हो जाने से बाथरूम में करंट आ रहा है। मुनतियाज जैसे ही बाथरूम में घुसा करंट आ गया और उसे करंट का तेज झटका लगा। वह बेहोश हो गया। उसकी चीख सुनकर परिजन छत पर पहुंचे। देहात बिजली घर को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। उसे नीचे लेकर आए। अपने हिसाब से उसका इलाज किया। उसके शरीर को लिहाफों से ढका। उसकी हालत में सुधार बताया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस बारे में डेढ़ महीने पहले डीएम को भी ज्ञापन दिया था घरों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन विद्युत लाइन को हटाने की मांग की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
गांव के करीब 100 घरों के ऊपर से करीब 10 वर्ष से हाई टेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके वहां पर घर पहले से बने हुए हैं विद्युत लाइन को बाद में शुरू किया गया। गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए चार ट्रांसफार्मर खंभों पर लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली घर को इस बारे में सूचना दी गई तो सिर्फ दो संविदा लाइनमैन ही वहां पर आए। कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। विद्युत लाइन को हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि इस हाई टेंशन लाइन से कई हादसे हो चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। करीब 100 घरों के ऊपर से 10 वर्ष से यह हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। प्रदर्शन में शमशाद, रफीक, धर्मपाल, मुनाजिर, सुरेंद्र, कमल, केवल आदि शामिल रहे। उधर विभाग के एसडीओ रंजीत सिंह का कहना है कि उन्हें इस बारे में शिकायत प्राप्त नहीं हुई है यदि कोई घटना हुई है तो उसकी जांच की जाएगी और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।