पाकबड़ा। ढिंगरपुर रोड पर गंगवारी–नगरिया के गोल चक्कर के पास रविवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना का शिकार युवक अपने भाई की शादी के लिए कार्ड बांटने निकला था। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। परिजनों का आरोप है कि ट्रक गलत साइड से आ रहा था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गुरैठा निवासी मोनू (28) अपने छोटे भाई रवि की शादी के लिए निमंत्रण पत्र देकर घर लौट रहा था। वह जैसे ही गंगवारी–नगरिया के गोल चक्कर के पास पहुंचा तभी गलत दिशा से आ रहे भूसा लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसा के दौरान मोनू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि राज मिस्त्री का काम करने वाले मोनू के छोटे भाई रवि की शादी 30 नवंबर को होनी थी। इसी कारण कार्ड बांटने का काम मोनू कर रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे मोर्चरी में रख दिया। परिजनों का आरोप है कि मोनू की हत्या की गई है। ट्रक ओवरलोड था। पुलिस इस मामले में ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
दुर्घटना का वीडियो वायरल
सड़क हादसे में मोनू की मौत के बाद ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ओवर लोडेड ट्रक का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप लगाया कि ट्रक की बॉडी मानक के अनुसार नहीं है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान यह हादसा हुआ है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रक को क्यों नहीं पकड़ा। इन सवालों को सुनने के बाद पुलिस भी परेशान हो गई है।