अगवानपुर। ऑटो चालक ने कपड़ा कारोबारी से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में पुलिस ने ऑटो चालक समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कांठ रोड के प्रकाश इंक्लेव निवासी शुभम गुप्ता की अगवानपुर की घास मंडी में गुप्ता क्लॉथ हाउस के नाम से कपड़ा और सराफा की दुकान है। शुभम के मुताबिक कुछ समय पहले अगवानपुर निवासी बुंदू ने बेटी की शादी के लिए कुछ सामना की खरीदारी की थी। इससे उसकी जान पहचान हो गई थी। बाद में बुंदू ने छह महीने में प्लाॅट की रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर 35 लाख रुपये उधार ले लिए। तकादा करने पर उसने 22 लाख रुपये में एक स्कॉर्पियो शुभम को दे दिया। शुभम ने जब आरटीओ में गाड़ी के नंबर की चेकिंग कराई तो ये गाड़ी भी किसी और के नाम पर दर्ज निकली। आरोप है कि बुंदू के बेटे सुहैल ने पैसे मांगने के विरोध में शुभम के सीने पर तमंचा रख दिया। प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। दो लोगों से पूछताछ जारी है।