कांठ। खनन रॉयल्टी की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी पट्टे से अवैध रूप से मिट्टी ढो रहे एक साथ दस डंपरों को राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ लिया। सभी डंपरों में मिट्टी भरी हुई थी। जांच में इनकी रॉयल्टी की समय सीमा पूरी पाए जाने के बाद एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी के निर्देश पर सभी डंपरों को सीज करने के बाद पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है।
कांठ में अवैध खनन और खनन परिवहन में लगे वाहनों की जांच के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार की रात एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी को सूचना मिली कि कांठ के गांव गढ़ी-सलेमपुर में स्थित मैसर्स रायल एनर्जी स्टेशन के पास मिट्टी से भरे कुछ डंपर खड़े हुए हैं। जिस पर एसडीएम राजस्व टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। जहां एक साथ उन्हें दस डंपर खड़े मिले, इन सभी में मिट्टी भरी हुई थी। इसके बाद टीम ने जांच शुरू की तो पता चला कि जिस स्थान से यह मिट्टी ढोई जा रही है, वहां की जारी रॉयल्टी की समय सीमा पूरी हो चुकी है। मिट्टी को अवैध रूप से ढोने का कार्य किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने सभी दस डंपरों को अपने कब्जे में ले लिया और बिना अनुमति खनन व परिवहन के आरोप में इन्हें सीज किए जाने की कार्रवाई की गई। सीज डंपरों कांठ पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। अभियान के दौरान टीम में नायब तहसीलदार साक्षी यादव, एसएचओ सुदेश पाल सिंह, एसआई संजीव कुमार, लेखपाल अली हुसैन, अंकित सक्सेना, अर्जुन सिंह, आनंद कुमार, संजीव सागर, हिमाचल, निशांत त्यागी, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
..