कांठ। सड़क हादसे के मामले में महिला द्वारा एसएसपी से गुहार लगाने के बाद छजलैट पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बिजनौर के थाना स्योहारा अंतर्गत गांव हसनपुर पालकी निवासी नीतू पत्नी सोनू कुमार ने एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि वह 15 अप्रैल को भाई रितिक और चार साल के बेटे शिवांश के साथ बाइक से अपने मायके भीकनपुर से अपनी ससुराल जा रही थी। मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर गांव से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए और बराबर से जा रहे ट्रैक्टर से टच हो गए। पीड़िता के अनुसार हादसे में उसके दोनों पैर कुचल गए थे और उसके भाई और बेटे को भी काफी चोट आई थीं। इलाज के दौरान चिकित्सकों को उसका दाहिना पैर काटना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि हादसा बाइक चालक की लापरवाही से ही हुआ है। उसने पहले भी कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब छजलैट पुलिस ने इस मामले में एसएसपी के आदेश और प्रार्थना-पत्र के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके विवेचना शुरू की है। संवाद