बिलारी। मंगूपुरा गांव में चार दिन पहले दो पक्षों में रंजिशन मारपीट को लेकर बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने को दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
मंगूपुरा में दो पक्षों में पुरानी रंजिश चली आ रही है। दोनों पक्ष पंचायत चुनाव को लेकर स्थानीय गुटबाजी से भी जुड़े हुए हैं इसी रंजिश के चलते बीती 24 जनवरी की देर शाम दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। एक पक्ष के धनपाल सिंह ने दूसरे पक्ष के बबलू आदि सात लोगों के खिलाफ बुधवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को हरि सिंह के बेटे बबलू की ओर से दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बबलू ने कहा है कि मंगूपुरा गांव निवासी मान सिंह ने बीती 24 जनवरी की शाम छह बजे उसे फोन करके कहा कि तुझसे कुछ बात करनी है। देर शाम साढ़े आठ बजे जब गांव के निकट खेत पर पहुंचा तभी पहले से ही घात लगाए बैठे मान सिंह, जितेंद्र सिंह, धनपाल सिंह, रविंद्र यादव, अतुल, ओमवीर और चंपत सिंह सभी निवासी मंगूपुरा ने पहले तो उसे घेरकर गाली देनी शुरु कर दीं। बाद में जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इस दौरान वह बाल बाल बच गया।
बबलू का आरोप है कि बाद में सभी आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर मचने पर अन्य ग्रामीणों के आ जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बब्लू ने आरोपी पक्ष से अपनी जानमाल को भी खतरा जताया है। पुलिस ने सभी सातों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार इन दोनों पक्षों में से एक पक्ष वर्तमान प्रधान तथा दूसरा पक्ष पूर्व प्रधान का समर्थक होना बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों पक्षों में रंजिश के चलते शांतिभंग होने की स्थिति न बने इसी उद्देश्य को लेकर कुछ लोगों को चिन्हित भी किया जा रहा है।