मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के झोंडा में बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे 23 वर्षीय विवाहिता पूनम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके वाले आ गए और उन्होंने पति संजीव और ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर फंदे पर लटका कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूनम के पिता रामकिशोर की तहरीर पर पति संजीव समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार की शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूनम की मौत लटकने से होने की पुष्टि हुई है। संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के भोजपुर निवासी रामकिशोर ने मूंढापांडे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि उसने अपनी बेटी पूनम की शादी 30 नवंबर 2025 को मूंढापांडे थाना क्षेत्र के झोंडा निवासी संजीव से की थी। रामकिशोर का आरोप है कि शादी के बाद से ही संजीव और उसके परिवार के लोग पूनम को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
पूनम को कम दहेज के लिए ताने देकर मायके से बुलेट मंगवाने के लिए दबाव बना रहे थे। पिता का कहना है कि पूनम ने उनसे कहा था कि इनको बुलेट नहीं मिलेगी तो यह मुझे मार डालेंगे। पिता ने रुपये का इंतजाम कर दिवाली पर बुलेट देने का वादा भी कर दिया था। पिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम पति संजीव और ससुरालियों ने पूनम को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट कर उसे फंदे पर लटका कर हत्या कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर रामकिशोर अपने बेटे बंटी और अन्य लोगों के साथ बेटी की ससुराल पहुंच गए। उन्होंने देखा कि बेटी का शव फर्श पर पड़ा था और उसके गले पर चोट के निशान थे। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पूनम के पिता की तहरीर पर पति संजीव, ससुर कल्लू, सास मंजू, जेठ मुकेश, जेठानी ज्योति के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।