कांठ (मुरादाबाद)। गन्ने की फसल की कटाई शुरू होते ही एक बार फिर से तेंदुए आबादी तक पहुंचने लगे हैं। सोमवार को दिन निकलते ही हिरनपुरा गांव के बीचोबीच खंडहर मकान में तेंदुआ जाकर बैठ गया। स्कूली बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंचे तो तेंदुआ छलांग लगाकर पेली गांव की ओर भाग गया। दहशतजदा ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।
बिजनौर जनपद के थाना स्योहारा के अंतर्गत गांव हिरनपुरा और कांठ थाना क्षेत्र का गांव पेली बिश्नोई एक-दूसरे से सटे हैं। दोनों गांव के बीच सिर्फ सड़क है। सोमवार की सुबह हिरनपुरा गांव के कुछ बच्चे स्कूल जा रहे थे। गांव के बीचोबीच बने खंडहर मकान में बच्चों की नजर पड़ी तो तेंदुए बैठा देखकर रुक गए। तेंदुए को देखकर बच्चों ने शोर मचा दिया और भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए की वीडियो बना ली। काफी देर तक तेंदुए खंडहर में बैठा रहा लेकिन अधिक शोर होने पर कुछ देर बाद छलांग लगाते हुए पेली गांव की ओर भाग गया। आबादी के बीच तेंदुए पहुंचने के बाद दोनों गांव के लोगों में दहशत है। अमित बिश्नोई पहलवान, बलराज सिंह, सुशील कुमार, गुड्डू बिश्नोई, वैभव बिश्नोई, अशोक कुमार बिश्नोई, सोनू बिश्नोई आदि ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है।
...फोटो सं. 25
हिरनपुरा गांव स्योहारा थाना क्षेत्र में आता है। हालांकि हिरनपुरा से सटे गांव पेली बिश्नोई के लोगों का दावा है कि तेंदुआ गांव की आता दिखा है। इसलिए मंगलवार को टीम भेजकर मामले को दिखवाया जाएगा। -पुष्पेंद्र सिंह डिप्टी रेंजर वन विभाग, कांठ
000
कांठ में फिर दिखा तेंदुआ, बढ़ी दहशत
कांठ (मुरादाबाद)। मौहड़ी हजरतपुर चौराहे से आगे एक्सिस बैंक के पास खेत में सोमवार की शाम तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। तीन दिन पूर्व पट्टी मौढ़ा स्थित ऋषिबाल महाविद्यालय की दीवार पर भी तेंदुए बैठा देखा गया था। सूचना मिलने पर पीआरवी मौके पर पहुंची और वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ खेत के पास कुछ देर तक दिखाई दिया, जिसके बाद वह वहां से चला गया। कांठ नगर की आबादी के आसपास लगातार तेंदुए की दस्तक से लोगों में डर का माहौल है। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उधर पट्टी मौढ़ा में तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से ऋषिबाल महाविद्यालय के पास पिंजरा लगाया हुआ है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी तेंदुआ उसमें नहीं फंसा है। पिंजरा अभी खाली पड़ा है।
डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मौहड़ी हजरतपुर चौराहे से आगे एक्सिस बैंक के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। मंगलवार को टीम भेजकर क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाएगा। साथ ही आसपास के लोगों को तेंदुए से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।