कांठ। पशुओं के लिए खेत से चारा लेने गई किशोरी को तेंदुए द्वारा हमला कर घायल किए जाने के बाद बुधवार को वन विभाग की टीम क्षेत्र के गांव गोपालपुर पहुंची और तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग करते हुए ग्रामीणों को भी जागरूक किया। साथ ही घायल किशोरी का हाल जानते हुए परिजनों को आश्वासन भी दिया।
कांठ तहसील व थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर की रहने वाली सानिया (17) पुत्री मुन्ने सैफी मंगलवार को बड़ी बहन शाइस्ता और रिश्तेदार के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। जहां चारा काटते समय अचानक पेड़ से उतरे तेंदुए ने सानिया पर हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया था। शोर मचाने और ललकारने पर तेंदुआ भाग गया था। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां परिजनों और वन विभाग की टीम ने उसका इलाज कराया था। जिसके बाद परिजन घायल सानिया को घर ले आए थे।
इधर ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत को देखते हुए बुधवार को वन विभाग की टीम ने गांव गोपालपुर पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्हें पंफलेट भी वितरित किए गए। साथ ही खेतों पर अकेले नहीं जाने, हाथों में लाठी-डंडे लेकर जाने, खेत में काम करते समय एक व्यक्ति को निगरानी पर रखने, छोटे बच्चों को शाम के समय घरों से नहीं निकलने देने आदि के बारे में बताया। इसी के साथ उस स्थान को भी देखा, जहां तेंदुए ने सानिया पर हमला किया था। वहीं तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग भी की गई।