पाकबड़ा (मुरादाबाद)। चार साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश मोटाराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार शाम पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चार साल पहले पाकबड़ा क्षेत्र में दिल्ली रोड पर आबकारी विभाग के उप आयुक्त टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे। इस दिल्ली की ओर से एक ट्रक आता दिखा। आबकारी अधिकारियों ने ट्रक को रुकवा लिया, जब ट्रक को चेक किया तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी थी। टीम ने चालक से पूछताछ की उसने बताया की वह ट्रक लेकर मुरादाबाद जा रहा था।
इसी दौरान चालक शौच जाने का बहाना बनाकर वहां से भाग गया था। इसके बाद टीम क्रेन की मदद से ट्रक को ले गई थी। ट्रक की तलाशी में चालक का आधार कार्ड मिल गया था। आधार कार्ड के आधार पर राजस्थान के बाड़मेर जनपद के रामसर थाना क्षेत्र के जायेडू निवासी मोटाराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मोटाराम पर 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद इनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई। शुक्रवार की रात पुलिस ने 25 हजार के इनामी मोटाराम को पाकबड़ा क्षेत्र के डींगरपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया।