बिलारी। निजी वैन अड्डे के मुंशी उपेंद्र सिंह की आत्महत्या के मामले ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। इस मामले में पुलिस ने मुंशी की पत्नी की तहरीर पर दो व्यापारी और एक अधिवक्ता समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाने पहुंचे रिश्तेदारों ने इस मामले में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई गई।
बिलारी की स्टेशन रोड देवधाम कॉलोनी निवासी उपेंद्र सिंह की पत्नी इंदु चौधरी ने शनिवार शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ देवधाम कॉलोनी में रह रही है। उसके पति उपेंद्र सिंह की मुरादाबाद रोड पर महाराणा प्रताप चौक के निकट एक दुकान है। इंदू चौधरी ने आरोप लगाया है कि उसके पति को बिलारी निवासी बबलू सक्सेना, प्रदीप गुप्ता, राजू गुप्ता व टुईंया उर्फ गंगा प्रसाद राजेश बहुत परेशान करते थे। बीते 15 दिनों से उसके पति लगातार आरोपियों द्वारा रुपये मांगने और धमकाने के बारे में बता रहे थे। इंदू के अनुसार नामजदों में से एक आरोपी को उसने फोन करके भी अपने पति की परेशानी के बारे में बताया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि शुक्रवार शाम जब उसके जेठ अबूनगर गांव से पति की दुकान पर पहुंचे तब पता चला कि उन्होंने दुकान में ही गले में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या करने से पहले मेरे पति ने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें आरोपियों द्वारा उनकी मानसिक प्रताड़ना करना और अवैध वसूली करने का जिक्र भी किया गया है। आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर ही मेरे पति ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। नामजद आरोपियों में प्रदीप गुप्ता और बबलू सक्सेना दोनों व्यापारी हैं, जबकि एक आरोपी नगर निवासी अधिवक्ता हैं। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फोटो परिचय-04,05