मैनाठेर। लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर लखीमपुर खीरी के मैगलगंज बाईपास पर कोहरे के कारण गन्ने से भरे वाहन से बृहस्पतिवार रात डेढ़ बजे कार टकरा गई। हादसे में मैनाठेर के गांव रसूलपुर हमीर निवासी मुर्तजा (21) और अमरोहा निवासी आस मोहम्मद (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार कुंदरकी के गांव डोमघर निवासी जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने बताया कि जुनैद के साथ मुर्तजा और आस मोहम्मद लखनऊ में रहकर वहीं क्षेत्र में देशी दवाइयां बेचने का कार्य करते थे। मैनाठेर के गांव रसूलपुर हमीर निवासी मुर्तजा मुरादाबाद के एक काॅलेज में एलएलबी का छात्र था। वह परीक्षा देने के लिए कार से बृहस्पतिवार रात मुरादाबाद आ रहा था। कार में उसके साथ अमरोहा निवासी आस मोहम्मद, कुंदरकी के गांव डोमघर निवासी जुनैद भी सवार थे।
रात के समय घना कोहरा होने के कारण उनकी कार लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर लखीपुर खीरी के मैगलगंज बाईपास पर रात करीब डेढ़ बजे गन्ने से भरे एक ट्रॉले में जा टकराई। हादसे में मुर्तजा (21) और आस मोहम्मद (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार कुंदरकी के गांव डोमघर निवासी जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जुनैद को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही मुर्तजा की मौत की खबर उसके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया सड़क पर अत्यधिक कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे कार चलाने वाले को आगे ट्रॉला दिखाई नहीं दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।