मुरादाबाद। दिल्ली रोड पर मझोला थाने के सामने बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार व्यापारी हरि किशन शर्मा (62) को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय वह लाल बाग स्थित काली माता मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। पुलिस ने चालक को हिरासत ले लिया जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने में खड़ी करा दी गई है।
मझोला के नया मुरादाबाद सेक्टर-10 ए-23 निवासी हरि किशन शर्मा की कोतवाली क्षेत्र में गोपाल इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। परिवार में पत्नी आभा शर्मा, बेटा अनुज शर्मा और बेटी सलोनी शर्मा हैं। बेटे अनुज शर्मा ने बताया कि उनके पिता पिछले 40 साल से काली माता मंदिर में पूजा कर रहे हैं। रोज की तरह वह बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे स्कूटी से काली माता मंदिर पूजा करने जा रहे थे। वह दिल्ली रोड पर मझोला थाने के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पाकबड़ा से मुरादाबाद की ओर जा रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली उन्हें स्कूटी समेत दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिसकर्मी भी थाने से बाहर निकल आए। कुछ ही दूरी पर जाकर चालक ने ट्रैक्टर भी रोक दिया। व्यापारी की जेब में मिले मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार लिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने में ही खड़ी करा दी गई है।
बेटा आर्किटेक्ट, बेटी रहती है हापुड़
मुरादाबाद। हादसे में जान गंवाने वाले व्यापारी हरिकिशन शर्मा के परिवार में पत्नी आभा शर्मा और बेटे अनुज शर्मा हैं। अनुज शर्मा आर्किटेक्ट हैं। बेटी सलोनी शर्मा की शादी हो चुकी और वह हापुड़ में रहती है। व्यापारी की मौत के बाद से पत्नी, बेटी, बेटे का रो रोक बुरा हाल है।