मुरादाबाद। हीट एक्शन प्लान के लिए लखनऊ से आई 45 सदस्यीय टीम ने शहर में भ्रमण कर लोगों से पूछताछ की। साथ ही लू से बचने के लिए 22 अस्थायी शेल्टर बनाने, सरकारी छतों को सफेद रंग से पेंट करने, छतों पर गमले में पौधे लगाने सहित कई सुझाव दिए। जिला प्रशासन की संस्तुति के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
हीट एक्शन प्लान तैयार करने के लिए नेशनल पीजी कॉलेज लखनऊ की टीम में शामिल प्रोफेसर डाॅ. पवन कुमार सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रितू जैन, डाॅ. अभिषेक के साथ एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय ने शहर का भ्रमण किया। हीट वेव से निपटने की कार्ययोजना को तैयार करने आवश्यक डाटा कलेक्शन किया। आरोप था कि लखनऊ से आई टीम का नगर निगम के अधिकारियों ने कोई सहयोग नहीं किया। सिटी हीट एक्शन प्लान के समन्वयक एवं आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर हीट एक्शन कार्य योजना पर तेजी से कार्य हो रहा है। लखनऊ की टीम में विनायक, वंशिका अवस्थी, वंशिका गुप्ता, राज, हर्षित पांडेय, पियूष, अरबाज खान, आकांक्षा, शिवांगी, कात्यानी, नंदनी पाठक, वसुधा आदि शामिल रहीं।